देहरादून: प्रेमनगर इलाके में वाहन हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और कथित तौर पर पिस्टल दिखाकर धमकाने तक पहुंच गया। मामले में कोतवाली प्रेमनगर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लाइसेंसी 32 बोर पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, डंडा और फॉर्च्यूनर कार बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त की रात नेक्स्ट हॉस्टल के पास मारपीट और हंगामे की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में सड़क पर एक बस और फॉर्च्यूनर खड़ी नजर आई। दोनों वाहनों के पास मौजूद लोगों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट होती दिखाई दी। फुटेज में एक व्यक्ति के हाथ में डंडा और दूसरे के पास पिस्टल नजर आने की बात पुलिस ने कही है।
जांच के दौरान पुलिस ने गौरव नाम के युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि फॉर्च्यूनर चालक ने सड़क के बीच तेज रोशनी में वाहन खड़ा किया था। हॉर्न देने के बाद भी कार नहीं हटाने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गौरव ने बस से डंडा निकालकर फॉर्च्यूनर चालक पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद मौके पर पहुंचे दो अन्य लोगों ने कथित तौर पर पिस्टल दिखाकर गौरव को धमकाया और उसके साथ मारपीट की। पूछताछ में गौरव ने दोनों की पहचान नीरज राजपूत और मनीष नेगी के रूप में बताई।
पुलिस को दोनों के ग्राफिक एरा अस्पताल में उपचार कराने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने अस्पताल परिसर से नीरज और मनीष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लाइसेंसी 32 बोर पिस्टल, पांच कारतूस, डंडा और फॉर्च्यूनर कार संख्या UK07HF-0102 बरामद की।
पुलिस के मुताबिक, पिस्टल नीरज राजपूत के नाम पर लाइसेंसी है। घटना में हथियार के कथित इस्तेमाल को देखते हुए पुलिस ने शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मामले में कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा संख्या 174/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी: गौरव (30), निवासी प्रेमनगर; मनीष नेगी (31), निवासी मांडूवाला; और नीरज राजपूत (40), निवासी भाऊवाला।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक जगहों पर मारपीट, हंगामा और हथियारों के प्रदर्शन के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


GIPHY App Key not set. Please check settings