दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हादसे के सिलसिले में उत्तराखंड निवासी केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से सीधे बातचीत की है।
मुख्यमंत्री धामी ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि जांच पूरी तरह तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई होगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने गिरफ्तार किए गए केशव नेगी की बेटी कनिष्का से भी फोन पर बात की और परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे सभी प्रवासी उत्तराखंडियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि मालवीय नगर स्थित ‘होटल फ्लॉरिस स्टे’ में बुधवार को भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में 13 विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित कई होटल और रेस्टोरेंट्स के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने होटल में रसोइए के तौर पर कार्यरत उत्तराखंड निवासी केशव नेगी को गिरफ्तार किया। पुलिस का आरोप है कि आग लगने से पहले किचन में इलेक्ट्रिक स्टोव चालू करने के दौरान धमाका हुआ था। इसके बाद केशव ने कथित रूप से बिजली की सप्लाई बंद कर दी, जिससे इलेक्ट्रॉनिक दरवाजे लॉक हो गए और कई लोग अंदर फंस गए।
यह भी पढ़िए >Dehradun Gambling Raid: अपार्टमेंट में हाईप्रोफाइल जुआ, 18 आरोपी गिरफ्तार
हालांकि, इस गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया पर कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि हादसे के लिए केवल एक कर्मचारी को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं होगा और मामले की गहन जांच की जानी चाहिए।
इस मुद्दे पर उत्तराखंड के कई राजनीतिक नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी है। सांसद अनिल बलूनी, कांग्रेस नेता हरीश रावत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को भी गिरफ्तार किया है।
अब सभी की नजर जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर टिकी हुई है। जनता की मांग है कि इस दर्दनाक हादसे के वास्तविक जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


GIPHY App Key not set. Please check settings